हवाई यात्रा से होने वाले प्रदूषण को कम करने की दिशा में एअर इंडिया और विमान निर्माता कंपनी एयरबस ने संयुक्त रूप से देश का पहला स्वैच्छिक कॉरपोरेट सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ) कार्यक्रम शुरू किया है। इस संबंध में दोनों कंपनियों के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु मौजूद रहे। समझौते पर एयरबस इंडिया एवं साउथ एशिया के अध्यक्ष जुर्गेन वेस्टरमायर और एअर इंडिया के ग्रुप हेड पी. बालाजी ने हस्ताक्षर किए।

इस कार्यक्रम के तहत कंपनियां एअर इंडिया से एसएएफ के इस्तेमाल से होने वाली कार्बन उत्सर्जन में कमी के प्रमाणपत्र खरीद सकेंगी। इससे कंपनियों को अपने कर्मचारियों की हवाई यात्राओं से जुड़े कार्बन उत्सर्जन को कम करने में योगदान देने का अवसर मिलेगा। वहीं, एअर इंडिया को स्वच्छ विमान ईंधन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और देश में पर्यावरण के अनुकूल विमान ईंधन के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।

एअर इंडिया के प्रबंध निदेशक टेवोल्डे गेब्रेमेरियम ने कहा कि विमानन क्षेत्र में प्रदूषण कम करने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। इस पहल से कंपनियां भी पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभा सकेंगी। एयरबस के जुर्गेन वेस्टरमायर ने कहा कि विमानन क्षेत्र को स्वच्छ बनाने में एसएएफ की अहम भूमिका होगी।

एसएएफ यानी सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल ऐसा विमान ईंधन है, जिसे कचरे और प्राकृतिक रूप से मिलने वाले नवीकरणीय संसाधनों से तैयार किया जाता है। यह सामान्य विमान ईंधन की तुलना में अपने पूरे जीवनचक्र में कार्बन उत्सर्जन कम कर सकता है। दोनों कंपनियों का लक्ष्य इस पहल के जरिए वर्ष 2050 तक विमानन क्षेत्र को नेट जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य की ओर ले जाना है।