समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर यशभारती सम्मान फिर से शुरू किया जाएगा और इसकी राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी। पहले सम्मानित हो चुके लोगों की राशि भी एक लाख रुपये की जाएगी। मुलायम सिंह यादव के जन्मदिवस पर रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने यह एलान किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल छात्रों के लिए 'वन बांड, वन सैलरी' व्यवस्था लागू कराई जाएगी और सपा सरकार में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कैबिनेट बनेगी।
अखिलेश ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि भाजपा में सरकार जाने से पहले ही बंटवारे की लड़ाई शुरू हो गई है। गोरखपुर की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सड़क हादसे का शिकार हुए बच्चे के परिवार को भड़का रहे हैं। उन्होंने लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड में किसानों को थार से कुचलने की घटना की याद दिलाई और लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से हुई तीन लोगों की मौत का मुद्दा उठाया। आरोप लगाया कि अर्जुनगंज दुर्घटना में पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने में भेदभाव किया गया, क्योंकि पीड़ित पीडीए समाज से थे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बनने पर बुनकरों को बिजली, स्वास्थ्य और बाजार की सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि वे परफ्यूम सिटी बनाना चाहते हैं, जबकि भाजपा गोबर सिटी बनाना चाहती है। आईटीआई, आईआईटी और ट्रिपल आईटी को बेहतर बनाने के साथ शिक्षा में नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा और किसान क्रेडिट कार्ड नए प्रारूप में लागू किया जाएगा। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आईटी सिटी को बर्बाद कर दिया और वेलनेस सिटी के नाम पर कुछ लोगों ने अपनी जेबें भरीं। कन्नौज में जमीन खरीद के मामले में आरोप लगाया कि वहां सिंगापुर के लोगों के नाम पर भाजपा के लोगों का पैसा लगा है।
अखिलेश ने कहा कि पीडीए को मजबूत करने के लिए नाराज लोगों को मनाया जाएगा और जो अब तक साथ नहीं जुड़े हैं, उन्हें भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा रामकथा के खिलाफ नहीं है, बल्कि भगवान राम के खिलाफ अपशब्द कहने वालों के विरोध में है। धीरेंद्र शास्त्री के राम और कृष्ण को लेकर दिए गए बयानों पर उन्होंने कहा कि इससे यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाएं आहत हुई हैं और ऐसे लोगों के कार्यक्रम रद किए जाने चाहिए। उन्होंने लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय को देशस्तरीय संस्थान बनाने का भरोसा दिया और कहा कि प्रदेश के सभी कालेजों और विश्वविद्यालयों में छात्राओं के लिए बेहतर छात्रावास बनाए जाएंगे। मेडिकल कालेजों और विश्वविद्यालयों में एसजीपीजीआइ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव को लेकर कैराना सीट पर घेराबंदी की कोशिश हो रही है, लेकिन जीत समाजवादी पार्टी की ही होगी। कहा कि सपा सरकार आने पर सैफई में मुलायम सिंह यादव के मेमोरियल का उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने स्कूलों के 200 विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल बैग वितरित किए।
