अमेरिका के अल्बुकर्क में 31 अक्टूबर को हैलोवीन पार्टी के दौरान तेज संगीत को लेकर दो महिलाओं के बीच विवाद हुआ। पुलिस द्वारा जारी होम सिक्योरिटी फुटेज के अनुसार, यह बहस हाथापाई में बदल गई, जिसके बाद 40 वर्षीय इलायना गोमेज-विलेडा के 10 साल के बेटे ने हैंडगन से किशोर पड़ोसी कीनरलीन प्लाजा रेंजेल पर गोली चला दी। गोली लगने से रेंजेल की मौके पर ही मौत हो गई।

फुटेज में दिखता है कि झगड़े के दौरान गोमेज-विलेडा का बेटा भी शामिल होता है और पड़ोसियों में से एक को पीटकर घर के अंदर लौट जाता है। इसके बाद वह दोनों हाथों में बंदूक लेकर बाहर आता है और रेंजेल पर निशाना साधता है। पहली बार गोली नहीं चलती, लेकिन कुछ सेकंड बाद वह दोबारा निशाना साधकर गोली चला देता है, जिसके बाद रेंजेल गिर जाता है।

मां गोमेज-विलेडा पर मर्डर, चाइल्ड एब्यूज और नाबालिग को अपराध के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं। अभियोजन पक्ष ने उन्हें जेल में रखने की मांग की है। उम्र कम होने के कारण 10 साल के लड़के पर अभी कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस और जिला अटॉर्नी कार्यालय यह तय करेंगे कि उसके खिलाफ क्या कार्रवाई संभव है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे का इरादा क्या था और उसे बंदूक कैसे मिली। जानकारी न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट पर आधारित है।