मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया और एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल फाउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो को एक बड़े सैन्य ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को उत्तरी सिनालोआ प्रांत के गुआसावे शहर में मेक्सिकन सेना के इस ऑपरेशन के दौरान इलाके में युद्ध जैसे हालात बन गए। हालांकि, मेक्सिको के अधिकारियों ने अभी तक गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मेजा फ्लोरेस 'मेजा-फ्लोरेस क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन' यानी 'लॉस माजातलेकोस' गिरोह का सरगना है।
शुक्रवार को जब मेक्सिकन सेना उसे पकड़ने के लिए गुआसावे पहुंची, तो हथियारबंद बदमाशों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण गोलीबारी शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि शहर के ऊपर मंडराते सुरक्षाबलों के ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों से जमीन पर गोलियां बरसाई जा रही हैं। मुठभेड़ के दौरान शहर में कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन ने भी पुष्टि की है कि शहर में संघीय सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया गया है।
गोलीबारी का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा। गुआसावे के कुरोदा पार्क स्टेडियम में उस वक्त 2026 लीगा मेक्सिकाना यानी मेक्सिको की समर प्रोफेशनल बेसबॉल लीग का मुकाबला चल रहा था। गोलियों की आवाज सुनते ही खिलाड़ियों और दर्शकों में दहशत फैल गई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से मैच को बीच में ही रोकना पड़ा।
एफबीआई के मुताबिक, मेजा फ्लोरेस अमेरिका में बड़े पैमाने पर हेरोइन, मेथामफेटामाइन, कोकीन, फेंटानिल और गांजे की तस्करी के लिए जिम्मेदार है। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले को 50 लाख डॉलर यानी करीब 42 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा कर रखी थी। उस पर साल 2012 और 2019 में ड्रग तस्करी और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज किए गए थे। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अनुसार, मेजा फ्लोरेस के कार्टेल की कुख्यात ड्रग लॉर्ड जोआकिन 'एल चापो' गुजमैन के सिनालोआ कार्टेल के साथ खूनी गैंगवार रही है। सिनालोआ कार्टेल के दो मुख्य गुटों के कमजोर पड़ने का फायदा उठाकर मेजा फ्लोरेस ने गुआसावे, लॉस मोचिस और निचले पहाड़ी इलाकों में अपना साम्राज्य फैलाया। साल 2024 में मेक्सिकन नौसेना ने गुआसावे से ही एक टन से ज्यादा फेंटानिल जब्त किया था, जो देश के इतिहास की सबसे बड़ी बरामदगी थी।
