केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि कश्मीर घाटी में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी नहीं बचा है। उन्होंने यह बात अरुणाचल प्रदेश के बांदेरदेवा में राष्ट्रपति पुलिस कलर समारोह में कही। शाह के अनुसार, पुलवामा में कश्मीर पुलिस ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी को मार गिराया। उन्होंने कहा कि घाटी में अब जो आतंकी सक्रिय हैं, वे सभी पाकिस्तानी हैं।
गृह मंत्री ने 1990 के दशक के सुरक्षा संकट को याद किया, जब घाटी में आतंकवाद बढ़ गया था और तत्कालीन मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला इंग्लैंड चले गए थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में भी सुरक्षा बलों की बहादुरी से कश्मीर देश के साथ जुड़ा रहा।
शाह ने कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीर के युवाओं में अलगाववाद की भावना खत्म हो गई है। उन्होंने बताया कि तब विपक्ष ने एकजुट होकर अनुच्छेद 370 और आतंकवाद के संबंध पर सवाल उठाए थे।
शाह ने कहा कि आज कश्मीर घाटी में एक भी कश्मीरी युवा आतंकी नहीं है और यह सभी के लिए गर्व की बात है।
