अमेरिका-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग की 2026 की रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमता से चिढ़ा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक चीन 2020 से 2024 तक पाकिस्तान को 81 फीसदी हथियारों की सप्लाई करता रहा है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि चीन सीधे भारत से युद्ध में नहीं उतरना चाहता, बल्कि पाकिस्तान को पीछे से समर्थन देना चाहता है।

रिपोर्ट के अनुसार पहलगाम हमले के बाद जब भारत ने पाकिस्तान के आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया, तो चीन ने पाकिस्तान का समर्थन किया। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ही बताया गया था कि पाकिस्तान चीनी हथियारों के साथ-साथ चीन के आईटी सिस्टम, संचार उपकरण और डिजिटल सर्विस का भी इस्तेमाल कर रहा था। रिपोर्ट में कहा गया है कि 1962 के युद्ध के बाद से चीन पाकिस्तान को सदाबहार दोस्त बनाए हुए है और इस दोस्ती का कारण भारत को रोकना है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान चीन के सैटलाइट इमेजरी का इस्तेमाल करके भारत की जासूसी करता है। इन आरोपों पर चीन की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। वहीं चीन से जुड़े ऑनलाइन प्लैटफॉर्म्स पर फ्रांस में निर्मित राफेल विमानों को लेकर भ्रम फैलाया गया और जे-10 विमानों की तारीफ की गई।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत की विकास दर और अर्थव्यवस्था की तारीफ की है। चीन की यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उनका रिजर्व बैंक ब्याज दरों को कम करे तो 4 फीसदी जीडीपी 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने भारत की सात फीसदी जीडीपी का उदाहरण दिया। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत अब चीन के मार्केट को सीमित करने और एक्सपोर्ट के मामले में उसके कान काटने की कोशिश कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत बड़ी मात्रा में जेनेरिक दवाओं का उत्पादन कर रहा है और अमेरिका को 21 फीसदी जेनेरिक दवाइयां निर्यात कर रहा है, जिससे चीन के बाजार पर प्रभाव पड़ा है।