यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह पर रूस के मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। शहर प्रशासन के हेड ओलेक्सांद्र विल्कुल ने टेलीग्राम पर बताया कि शुक्रवार रात हुए इस हमले में 7 साल के एक लड़के और 20 साल की एक महिला की जान गई। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र हंझा के मुताबिक घायलों में छह बच्चे भी शामिल हैं।

विल्कुल ने बताया कि हमले के कारण कम से कम चार जगहों पर आग लग गई। हमले में 25 अपार्टमेंट इमारतें, एक अस्पताल, एक स्कूल, एक औद्योगिक इकाई, कई व्यवसाय और दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

जेलेंस्की ने इस हमले की निंदा की है और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर आम लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमला एक रिहायशी इलाके पर हुआ, जहां कोई सैन्य ठिकाना नहीं था, और इसमें आम लोगों के घर तथा नागरिक सुविधाएं क्षतिग्रस्त हुईं। जेलेंस्की ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने बताया कि खारकीव, डोनेट्स्क, निप्रो, रिव्ने, चेर्निहाइव, मायकोलाइव और जापोरिजिया क्षेत्र में भी हमले किए गए, जबकि सूमी क्षेत्र में एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे हमलों पर दुनिया को चुप नहीं रहना चाहिए और यूक्रेन को सहायता पैकेज तथा एयर डिफेंस सिस्टम मिलने चाहिए।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध पर विराम लगाना चाहते हैं। उनके मुताबिक पुतिन ने चीन में कहा था कि वे यूक्रेन युद्ध का राजनयिक समाधान चाहते हैं। ट्रंप ने कहा कि दोनों नेता लड़ाई रुकने की चाहत रखते हैं, लेकिन जेलेंस्की और पुतिन के बीच गहरी नफरत एक बड़ी बाधा है।