अरनिया सेक्टर में शनिवार सुबह तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस पोस्ट सई कलां के हवाले कर दिया। पुलिस युवक से गहन पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सई कलां इलाके में हर पीर पुल के पास सुबह करीब साढ़े सात बजे ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। पूछताछ में उसकी पहचान अवल्स राजा (20) पुत्र इमदाद हुसैन, निवासी बस्ती गोकल, जारनवाली, तहसील करोर लाल ईसान, जिला लैय्या, पाकिस्तान के रूप में हुई। ग्रामीणों ने उसे पुलिस पोस्ट सई कलां पर सौंप दिया, जहां से अरनिया पुलिस स्टेशन लाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक पाकिस्तान की ओर से एक नाले के किनारे-किनारे चलते हुए तारबंदी पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसके पास से पाकिस्तानी मुद्रा मिली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस रास्ते से आया, तारबंदी कैसे पार की और भारत आने का उसका मकसद क्या था। जांच एजेंसियां उसके पास मिले सामान की भी पड़ताल कर सकती हैं।

बताया जा रहा है कि अरनिया सेक्टर में तारबंदी पार कर किसी पाकिस्तानी नागरिक के भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का यह पहला मामला है। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सर्दियों के मौसम में सीमा पर सुरक्षा चुनौतियां बढ़ने की आशंका के मद्देनजर बीएसएफ और पुलिस को सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और गश्त मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है, खासकर नालों, खेतों और सुनसान रास्तों पर।