अमेरिका के फ्लोरिडा में एक 86 वर्षीय बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार करते समय संतुलन खोकर गिर गए। उनके ठीक पीछे चल रहे पुलिस अधिकारी शॉन लाईमैन ने तुरंत दौड़कर उन्हें ट्रैक से उठाया और मदद की।
बोका रैटन पुलिस के अनुसार, यह घटना पामेटो पार्क रोड और नॉर्थ डिक्सी हाईवे पर मौजूद रेलवे ट्रैक पर हुई, जब बुजुर्ग वॉकर के सहारे ट्रैक पार कर रहे थे। अधिकारी ने उन्हें गिरते देखा और बिना देर किए उनके पास पहुंचकर उन्हें संभाला।
पुलिस अधिकारी ने बुजुर्ग को ट्रैक से उठने में मदद की और पैरामेडिक्स को बुलाया। बाद में अन्य अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि बुजुर्ग सुरक्षित रूप से अपने घर पहुंच जाएं।
बोका रैटन पुलिस ने एक्स पर घटना का फुटेज साझा करते हुए कहा कि उनके अधिकारी का यह काम दिखाता है कि समाज की सेवा का अर्थ केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि जरूरत के समय दूसरों की सहायता करना भी है। WPBF से बात करते हुए बुजुर्ग ने बताया कि 1910 में एक रेल दुर्घटना में उनके दादा की मौत हुई थी, और ट्रैक पर गिरे होने के दौरान उन्हें अपने परिवार की उस त्रासदी की याद आ गई थी। उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए पुलिस अधिकारी का आभार जताया।
