सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज क्षेत्र में गन्ना मूल्य बढ़ाकर 650 रुपये प्रति क्विंटल करने और लोडिंग-अनलोडिंग शुल्क माफ करने की मांग को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। गोंडा जिले की बभनान चीनी मिल के क्रय केंद्र संख्या 321 बनकटी पर शुक्रवार को हुए प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गन्ने की तौल रुकवा दी, जिससे केंद्र पर खरीद व्यवस्था प्रभावित हुई।

मिल प्रबंधन ने किसान यूनियन के नेता समेत कई लोगों के खिलाफ भवानीगंज थाने में दो तहरीर दी हैं। तहरीर में गन्ना खरीद में बाधा डालने, किसानों को चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने से रोकने और अधिकारियों-कर्मचारियों को धमकाकर कामकाज बाधित करने का आरोप लगाया गया है। प्रबंधन ने इंटरनेट माध्यमों पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने का भी आरोप लगाया है।

बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की बभनान इकाई के मुख्य महाप्रबंधक सुधीर सिंह ने 20 नवंबर को थानाध्यक्ष भवानीगंज को दिए पत्र में बताया है कि पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ 20 नवंबर से हो चुका है और इसके लिए सभी क्रय केंद्रों पर 19 नवंबर से गन्ना खरीद के लिए आपूर्ति पर्चियां जारी की गई थीं। तहरीर में किसान यूनियन के नेता सालिकराम पुत्र दुलारे वर्मा तथा रामकिशन, रामसंजीवन, अरुण कुमार, इंद्रजीत और सत्यराम चौहान समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज हैं।

मुख्य महाप्रबंधक ने आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए गन्ना खरीद व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित कराने की मांग की है। इधर, किसानों और मिल के अधिकारियों का जमावड़ा भवानीगंज थाने पर लगा रहा।