अंबेडकरनगर में मंगलवार रात अकबरपुर के शिवबाबा बैरियर पर पुलिस वाहनों की चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में कोतवाल भूपेंद्र सिंह और मुख्य आरक्षी सोनू सिंह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गाजीपुर के बहरियाबाद निवासी बदमाश वाहिद मारा गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने घायल कोतवाल और आरक्षी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रामा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की एक टीम दोनों पुलिसकर्मियों की निगरानी कर रही है।

क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि मारे गए बदमाश के स्थानीय संपर्कों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। उसकी अन्य गतिविधियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए तलाश में जुटी है।