औरैया के अछल्दा क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब पांच बजे बीरपुर गांव के पास चलती ट्रेन से गिरकर दो यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों यात्री ट्रेन में सफर कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि वे ट्रेन के पैरदान पर बैठकर यात्रा कर रहे थे और इसी दौरान उन्हें झपकी आ गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, हालांकि दोनों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अछल्दा थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि हादसे की विस्तृत जानकारी और जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया गया है कि यह हादसा आरपीएफ और जीआरपी के सीमा क्षेत्र से बाहर हुआ।
इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रा के दौरान लापरवाही और असुरक्षित तरीके से सफर करने के खतरों को उजागर कर दिया है। रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से सुरक्षित तरीके से यात्रा करने की अपील करता है। चलती ट्रेन के दरवाजे या पैरदान पर बैठकर सफर करना जानलेवा साबित हो सकता है।
