मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में दाऊद इब्राहीम के पुश्तैनी घर का जर्जर हिस्सा गुरुवार सुबह से BMC ने बुलडोजर से गिराना शुरू किया। नगर निकाय के मुताबिक पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसाफिरखाना बिल्डिंग को C-1 श्रेणी में रखा गया था और दीवारों व छत के गिरने का खतरा था। BMC ने साफ किया है कि सिर्फ इमारत का जर्जर हिस्सा गिराया जा रहा है, पूरी मस्जिद नहीं। बिल्डिंग में एक मस्जिद भी है और यह मकान उसका हिस्सा बताया गया है।

स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्रवाई गुरुवार सुबह शुरू हुई।

गौरतलब है कि दाऊद इब्राहीम और उसका गिरोह 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में भारत में वांटेड है। धमाकों के बाद से वह देश छोड़कर भाग गया था और रिपोर्टों के मुताबिक वह पाकिस्तान में है।

NIA सूत्रों के मुताबिक दाऊद कट्टर इस्लामिक विचारधारा फैलाने वालों की फंडिंग कर रहा है। उसने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) को बड़ा डोनेशन दिया था, जिसकी पुष्टि नाइक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर आमिर गजदर ने भी की थी। आमिर के मुताबिक यह डोनेशन दाऊद ने मीडिएटर सुल्तान अहमद के जरिए दिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) को शक है कि गजदर ने नाइक के NGO के लिए 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का डोनेशन जमा किया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक दाऊद का भाई इकबाल कासकर भारत में उसका सारा काम देख रहा है और वह दाऊद के राइट हैंड छोटा शकील के संपर्क में था। इकबाल ठाणे के बिल्डर सुरेश देवीचंद मेहता की शिकायत के बाद जेल में है। उसके साथ उसके दो गुर्गों मुमताज शेख और इसरार अली को पहले ठाणे पुलिस और फिर ED ने अरेस्ट किया है।