केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों से भारत को बदनाम करके सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। शाह ने यह बात हैदराबाद में हुई कांग्रेस की भारत समिट को लेकर राहुल गांधी को जवाब देते हुए कही।
पुणे के एक कार्यक्रम में शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने देश को बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल जीतना चाहते हैं तो विदेश जाना छोड़कर गांवों में जाना शुरू करें। शाह ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि राहुल गांधी जमीन पर आएं और गांवों में जाएं, लेकिन उन्हें मालूम है कि राहुल थोड़े दिन में फिर विदेश चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह सत्ता की आकांक्षा पूरी नहीं होगी।
शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हैदराबाद में भारत समिट 2026 आयोजित की, जहां देश भर में वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को बुलाया गया और कांग्रेस के राजकुमार भी वहां गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत विरोधी विचार बोलकर दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम किया है। शाह ने कहा कि पूरी दुनिया जिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है, राहुल उनकी और भारत की विकास यात्रा को बदनाम कर रहे हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को 10 साल का मौका दिया गया था, लेकिन 12 लाख करोड़ के घोटाले और भ्रष्टाचार के कारण जनता ने उसे दिल्ली की सरकार से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने, स्टार्टअप इकोसिस्टम, रेलवे के पुनरुद्धार, 76 से 150 एयरपोर्ट बनाने, मेट्रो नेटवर्क, नई शिक्षा नीति और सहकारिता मंत्रालय जैसे काम पिछले 12 साल के कार्यकाल में हुए हैं। शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर वे इसी दिशा में इनके पीछे चलते रहे तो अगले 30 साल तक उनका नंबर नहीं लगेगा।
