अमरोहा के कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को एक युवक की शादी हो रही थी। बैंक्वट हाल में निकाह के बाद दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी दिल्ली के उत्तम नगर से आई एक महिला वहां पहुंची और दूल्हे को अपना प्रेमी तथा अपने बच्चे का पिता बताकर हंगामा करने लगी। उसने सामान भी फेंका। दुल्हन पक्ष के लोगों ने विदाई रोक दी और पुलिस को बुलाया।
महिला का आरोप है कि युवक के साथ उसका छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और उसने शादी का झांसा देकर उससे पति से तलाक भी करा दिया। उसका कहना है कि दो साल का एक बेटा युवक का है। युवक दस साल से दिल्ली की एक मार्केटिंग कंपनी में नौकरी करता है और उत्तम नगर में किराए के मकान में रहता है, जहां महिला भी अपने परिवार के साथ रहती है।
पुलिस महिला और दूल्हे को जिवाई चौकी ले गई। चूंकि घटनाक्रम दिल्ली का बताया जा रहा है, महिला को दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज कराने की बात समझाकर वापस भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के अनुसार अभी कोई तहरीर नहीं मिली है और तहरीर मिलने पर ही आगे की कार्रवाई होगी। दूल्हा पुलिस हिरासत में है और दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास जारी है।
दूल्हे का दावा है कि उसने रविवार सुबह दुल्हन को फोन पर तलाक दे दिया है, जबकि दुल्हन और उसके परिवार तलाक से इनकार कर रहे हैं। रजा रुयते हिलाल कमेटी जोया के सचिव कारी मैराज हसन के अनुसार फोन पर तलाक के लिए गवाह का होना जरूरी है या यह बात हलफिया तौर पर कहलवाई जानी चाहिए, तभी शरीयत के मुताबिक तलाक का मामला बनता है। ऐसे में दुल्हन के बयान भी अहम हैं।
