वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कंपनी का चालू ऑयल फील्ड ONGC को सौंपे जाने पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इस फैसले से वैश्विक निवेशकों के बीच गलत संदेश जा सकता है और भारत के तेल एवं गैस सेक्टर में निवेश करने वाली कंपनियों का भरोसा प्रभावित हो सकता है।
अग्रवाल के मुताबिक, भारत इस समय तेल और गैस क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने की दहलीज पर है। ऐसे में मौजूदा ऑपरेटरों के काम में दखल देने के बजाय नीतियों में स्थिरता बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने भारत की तुलना गुयाना से की और कहा कि देश आज उसी मोड़ पर खड़ा है, जहां गुयाना करीब दस साल पहले था। उन्होंने कहा कि सरकार को मंजूरी की प्रक्रिया से आगे बढ़कर सेल्फ-सर्टिफिकेशन की व्यवस्था अपनानी चाहिए, जिससे निवेश और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
अग्रवाल के अनुसार, वेदांता ऑयल एंड गैस भारत में अपना निवेश और उत्पादन दोनों बढ़ाने की तैयारी में है। कंपनी अगले चरण में 5 अरब डॉलर यानी करीब 45 हजार करोड़ रुपये निवेश करने की प्रतिबद्धता जता रही है। इसका लक्ष्य रोजाना तेल उत्पादन को 3 लाख बैरल से बढ़ाकर 5 लाख बैरल तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि कंपनी गहरे समुद्र में तेल और गैस की खोज के लिए 'समुद्र मंथन' कार्यक्रम में भी कदम रख चुकी है।
अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक निवेशकों में भारत के तेल और गैस सेक्टर को लेकर काफी उत्साह है। ऐसे समय में नीतियों में स्थिरता और मौजूदा कंपनियों को काम करने की आजादी देना जरूरी है। उन्होंने घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया और कहा कि इससे भारत तेल और गैस के आयात पर अपनी निर्भरता काफी कम कर सकता है।
