बढ़ते प्रदूषण के बीच मुंबई की पोषण विज्ञानी डॉ. रोहिणी पाटिल का कहना है कि मास्क और एयर प्यूरीफायर के इस्तेमाल के साथ-साथ आहार पर भी ध्यान देना जरूरी है। उनके अनुसार, एंटी-ऑक्सीडेंट्स और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर खाने से प्रदूषण के दुष्प्रभावों से मुकाबला करने में मदद मिल सकती है।

डॉ. पाटिल बताती हैं कि एंटी-ऑक्सीडेंट्स में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो फेफड़ों में होने वाले ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम कर सकते हैं और शरीर की बीमारियों से लड़ने की स्वाभाविक क्षमता को मजबूत बनाए रखने में सहायक हो सकते हैं। वहीं ओमेगा-3 फैटी एसिड कोशिकाओं पर फ्री रेडिकल्स के नुकसान से बचाने और सूजन कम करने में मदद कर सकता है। यह दिल की सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है।

खाना पकाने में सूरजमुखी, राइस ब्रान, कैनोला, मूंगफली या आलिव आयल का इस्तेमाल फेफड़ों की कार्यक्षमता के लिए बेहतर बताया गया है। ब्लूबेरी और स्ट्राबेरी जैसे फलों में मौजूद एंथोसायनिन सहित एंटी-ऑक्सीडेंट्स प्रतिरोधी क्षमता बनाए रखने में मदद कर सकते हैं, जबकि हल्दी में एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण प्रदूषण से होने वाली सूजन को कम करने में सहायक माने जाते हैं। रोजाना अधिक चाय-कॉफी की जगह ग्रीन टी लेने की सलाह भी दी गई है।

विटामिन-सी के लिए आंवला, अमरूद, नींबू, संतरा और शिमला मिर्च रोजमर्रा के आहार में शामिल किए जा सकते हैं। धनिया पत्ता, गाजर, टमाटर, लहसुन, मूली, ब्रोकली, पत्तागोभी और शलजम जैसी सब्जियों से भी पर्याप्त एंटी-ऑक्सीडेंट्स मिल सकते हैं। ओमेगा-3 के लिए साल्मन, मैकेरल और सार्डिन जैसी वसायुक्त मछलियों के अलावा अलसी के बीज, चिया सीड्स, अखरोट और सोयाबीन का सेवन किया जा सकता है।