भारतीय सेना की साहसिक हवाई टीम 'माउंटेन ईगल्स' ने 24 नवंबर को गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग-754के पर अपने चारों विमानों की सफल लैंडिंग और टेकऑफ कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। यह राजमार्ग अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर का हिस्सा है। सेना और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बीच इस समन्वय को महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। एनएचएआई ने सेना और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर इस गतिविधि के लिए सुरक्षा इंतजाम और यातायात प्रबंधन किया।
सेना की माइक्रोलाइट एवं पावर्ड हैंग ग्लाइडिंग एडवेंचर टीम 'माउंटेन ईगल्स' ने 14 नवंबर को महू से 3100 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय हवाई अभियान 'वीरता और एकता की उड़ान' की शुरुआत की थी। मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई), महू के आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर द्वारा आयोजित इस अभियान को लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीण बख्शी, वीएसएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
अभियान का उद्देश्य एयरी-एडवेंचर गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ सेना की साहसिक क्षमता प्रदर्शित करना है। अभियान में दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट विमान और दो फ्लेक्सिबल-विंग पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल हैं। चारों विमानों का दल पश्चिमी और मध्य भारत के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों और मौसमी परिस्थितियों से गुजरते हुए करीब 3100 किलोमीटर की क्रास-कंट्री उड़ान पूरी कर रहा है।
प्रस्तावित हवाई मार्ग में मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के कई शहर और स्थान शामिल हैं। इनमें झाबुआ, वडोदरा, भावनगर, दीव, पोरबंदर, जामनगर, मुंद्रा, भुज, गांधीनगर, मेहसाणा, आबू रोड, उदयपुर, कोटा, शिवपुरी, झांसी, खजुराहो, धाना सागर और भोपाल प्रमुख हैं। अभियान के दौरान करीब 24 हवाई पट्टियों पर विमानों को उतारने की योजना है।
