बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चौसड़ में शनिवार रात ससुर राजकरण ने अवैध संबंध के चलते अपनी बेवा बहू 42 वर्षीया विद्या और उसके पड़ोसी प्रेमी 45 वर्षीय राममनोहर पर लोहे की सांग से हमला कर दिया। हमले में राममनोहर की मौत हो गई, जबकि विद्या गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने घायल विद्या को सीएचसी अतर्रा पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत देखकर उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी ससुर राजकरण को गिरफ्तार कर लिया है।
ससुर के मुताबिक चौसड़ गांव निवासी विद्या के पति कल्लू वर्मा की करीब तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद विद्या का पड़ोसी राममनोहर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों बीते एक वर्ष पहले घर से भाग गए थे, जिसके बाद राममनोहर की पत्नी रीता बच्चों के साथ हरियाणा मजदूरी करने चली गई थी। अभी दस दिन पहले ही राममनोहर बेवा विद्या के साथ गांव वापस आया था और दोनों राममनोहर के घर में रहते रहे हैं।
एएसपी शिवराज ने बताया कि हत्यारोपित ससुर से पूछताछ की जा रही है। राममनोहर के स्वजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
