मऊ के कोपागंज स्थित एक अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक योगेश चंद्र राय की नियुक्ति से जुड़ा अनुमोदन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। कार्रवाई का आधार उनकी वर्ष 1999 की डीपीएड डिग्री को अनियमित पाया जाना है, क्योंकि संबंधित महाविद्यालय के पास उस वर्ष एनसीटीई की मान्यता नहीं थी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार कोपागंज स्थित अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में योगेश चंद्र राय की सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति का अनुमोदन तत्कालीन बीएसए ने छह जुलाई 2002 को जारी किया था। यह अनुमोदन इस शर्त के साथ दिया गया था कि प्रस्तुत अभिलेखों में तथ्य छिपाने या कूटरचना की पुष्टि होने पर आदेश निरस्त कर दिया जाएगा। वे लगभग 24 वर्षों से इस पद पर कार्यरत थे।

अपने स्पष्टीकरण में योगेश चंद्र राय ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1999 में पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध नरहेजी महाविद्यालय रसड़ा बलिया से नियमित छात्र के रूप में डीपीएड किया था। उनका दावा था कि विश्वविद्यालय व विभागीय स्तर पर पूर्व में कई बार उनके प्रमाणपत्रों का सत्यापन हो चुका है और जांच में उन्हें सही पाया गया है। उन्होंने वर्ष 2025 में मंडलीय स्तर की जांच में भी प्रकरण निस्तारित किए जाने का हवाला दिया।

हालांकि शिकायतकर्ता तनमय राय व अन्य की शिकायत पर हुई ताजा जांच में बीएसए कार्यालय ने पाया कि संबंधित महाविद्यालय को वर्ष 1999 में डीपीएड डिग्री के लिए एनसीटीई की मान्यता प्राप्त नहीं थी। ऐसे में इस डिग्री के आधार पर प्राप्त नियुक्ति को वैध नहीं माना जा सकता। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने आदेश जारी कर छह जुलाई 2002 के अनुमोदन को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया और शिक्षक के चयन व नियुक्ति के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कर दिया।