बाराबंकी जिले की गोशालाओं में संरक्षित निराश्रित गोवंश को सालभर हरा चारा उपलब्ध कराने की तैयारी है। पशुपालन विभाग ने इसके लिए गोशालाओं के आसपास के किसानों से अनुबंध करने की प्रक्रिया शुरू की है। जिले में अब तक करीब 450 हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे की खेती के लिए किसानों से अनुबंध हो चुका है। किसान अपने खेतों में चारा उगाकर नजदीकी गोशालाओं को इसकी आपूर्ति करेंगे।
गोशालाओं में संरक्षित पशुओं के भरण-पोषण के लिए मुख्य रूप से भूसे की व्यवस्था की जाती है। हरे चारे की नियमित उपलब्धता न होने से पशुओं के आहार में जरूरी विविधता नहीं रह पाती। इस समस्या को दूर करने के लिए शासन की हरा चारा विकास नीति के तहत यह पहल की जा रही है।
इस व्यवस्था से जिले की 105 गोशालाओं को स्थानीय स्तर पर ही हरा चारा उपलब्ध हो सकेगा और उन्हें चारे के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वहीं, किसानों को अपनी उपज की बिक्री के लिए निश्चित खरीदार मिलेगा। ग्राम पंचायत के माध्यम से अनुबंधित किसानों को चारे की आपूर्ति के बदले भुगतान किया जाएगा।
प्रदेश सरकार की हरा चारा विकास नीति के तहत हरे चारे को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई है। इसके तहत किसान हरा चारा बोएंगे और पूरे वर्ष नजदीकी गोशाला को चारे की आपूर्ति करेंगे। ग्राम पंचायत की ओर से किसानों को इसका उचित भुगतान किया जाएगा। यह जानकारी सीवीओ डॉ. विनोद कुमार ने दी।