मेरठ में गंगा एक्सप्रेस वे औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर दो साल से आंदोलन कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में जमीन का बाजार मूल्य निर्धारित कर चार गुना मुआवजा देने पर प्रथम सहमति बनी। साथ ही तीनों गांवों के किसानों को समान दर से मुआवजा देने पर भी सहमति जताई गई।
किसान संघर्ष समिति के पूर्व अध्यक्ष श्योराज सिंह त्यागी के नेतृत्व में करीब 15 किसान प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं। वार्ता में एडीएम वित्त, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर, एडीएम भूमि अध्याप्ति नवीन चंद्र सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
वार्ता में तय हुआ कि एक सप्ताह के भीतर निबंधक कार्यालय से पिछले छह माह के सभी बैनामों का रिकार्ड निकलवाकर जमीन के बाजार मूल्य का निर्धारण करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। सभी बैनामों के मूल्य का औसत निकालकर जमीन की दर तय करने पर सहमति बनी। इसके बाद तीनों गांवों में समान दर से मुआवजा देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। वार्ता में श्योराज सिंह, प्रबोध शास्त्री, महेश त्यागी, राजकुमार, परविंदर, जगबीर, मांगे राम और कवित सहित करीब 15 किसान शामिल रहे।
गौरतलब है कि यूपीडा औद्योगिक गलियारे के लिए तीन गांवों की करीब 300 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित करना चाहता है। बिजौली और खरखौदा क्षेत्र की करीब 200 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण कर बैनामे भी कराए जा चुके हैं। बुधवार को बिजौली में अमेरिकी कंपनी बाल के औद्योगिक प्रोजेक्ट का भूमि पूजन भी किया गया।
