पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी प्रखंड के टांकुरा गांव में किसान हेंब्रम मुंडा ने करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर सरसों की खेती कर कम लागत में बेहतर आमदनी का उदाहरण पेश किया है। प्रखंड स्तर पर हुए कृषि प्रशिक्षण से प्रेरित होकर उन्होंने सब्जी उत्पादन भी शुरू किया। खेती से होने वाली आय से वे परिवार का भरण-पोषण और पत्नी व दो बेटों की पढ़ाई का खर्च उठा रहे हैं।
हेंब्रम मुंडा के अनुसार सरसों की खेती में अधिक पूंजी की जरूरत नहीं पड़ती। अब तक खेती पर हुए खर्च से अधिक की आमदनी वे सब्जियां बेचकर कर चुके हैं। सरसों की फसल तैयार होने के बाद होने वाली कमाई उनके लिए अतिरिक्त लाभ साबित होगी। वे सालभर बगिया में अलग-अलग प्रकार की साग-सब्जियां उगाकर परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं।
टांकुरा गांव के खेतों में इस समय सरसों के पीले फूल खिले हैं। किसानों की बगिया में सरसों के साथ फूलगोभी, बंदगोभी, टमाटर, लौकी, मटर, धनिया, प्याज, जीरा और बैंगन समेत कई तरह की सब्जियां भी उगाई जा रही हैं। मौसम के अनुसार सब्जियों का उत्पादन कर किसान नियमित आमदनी प्राप्त कर रहे हैं।
हेंब्रम मुंडा से प्रेरित होकर गांव के अन्य किसान अलबलिया मुंडा और कृष्ण चंद्र आपट ने भी पारंपरिक खेती के साथ सब्जी उत्पादन को अपनी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बनाया है। इन किसानों की सफलता का असर आसपास के गांवों में भी दिखने लगा है, जहां अन्य किसान भी सब्जी उत्पादन में रुचि दिखा रहे हैं।
