बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण के लिए 64 करोड़ 54 लाख 92 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। परियोजना के लिए 13 करोड़ 37 लाख रुपये अवमुक्त भी कर दिए गए हैं। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने इस राशि के अवमुक्त होने की पुष्टि की है।
बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक के बंद होने से वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग जाती है और सुबह-शाम व्यस्त समय में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। खासकर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बाईपास होकर बड़ौत-मेरठ स्टेट हाईवे और अमीनगर सराय कस्बे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
ओवरब्रिज बन जाने के बाद वाहनों को रेलवे फाटक पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा। इससे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बड़ौत-मेरठ स्टेट हाईवे और अमीनगर सराय कस्बे तक लोगों की राह आसान हो जाएगी। बड़ौत में इससे पहले बिजरौल रोड और बिनौली रोड स्थित रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका है।
इस परियोजना का लाभ केवल बड़ौत और अमीनगर सराय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के 15 से अधिक गांवों के लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा। ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों का आवागमन आसान होगा। कृषि उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने वाले किसानों को भी रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, वहीं एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए भी रास्ता सुगम हो सकेगा।
