गया में 30 नवंबर को संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दो मिनट का ब्लैकआउट मॉक अभ्यास किया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार, गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्र में शाम सात बजे से 7:02 बजे तक सभी बत्तियां बंद रखी जाएंगी और निर्धारित समय पर सायरन बजाकर ब्लैकआउट का संकेत दिया जाएगा।
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन एवं नगर पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में निभाई जाने वाली भूमिका की जानकारी दी गई। अपर समाहर्ता ने वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों, कमान संरचना और आपातकालीन प्रतिक्रिया की प्रक्रिया समझाई।
प्रशासन ने गांधी मैदान के आसपास स्थित मॉल, शोरूम, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सरकारी कार्यालयों और आवासीय भवनों के संचालकों के साथ आम नागरिकों से भी अभ्यास में सहयोग की अपील की है। निर्देश दिया गया है कि यदि किसी आवश्यक परिस्थिति में रोशनी का उपयोग करना अनिवार्य हो तो खिड़की और दरवाजों पर पर्दे लगाकर प्रकाश को कमरे के अंदर तक सीमित रखें, ताकि बाहर से रोशनी दिखाई न दे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल नागरिक सुरक्षा, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित मॉक अभ्यास है और इसका किसी वास्तविक हवाई हमले या आपात स्थिति से कोई संबंध नहीं है। इसलिए सायरन बजने पर नागरिक घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। अभ्यास के जरिए विभागों की तैयारी, आपसी समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता परखी जाएगी। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, विद्युत, अग्निशमन, एसडीआरएफ, जिला गृह रक्षा वाहिनी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
