मऊ जिलाधिकारी आनंद वर्धन शनिवार को प्राथमिक विद्यालय कोपागंज के आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोपहर का भोजन कर रहे बच्चों के बीच जाकर अपने हाथों से भोजन परोसा और मिड-डे मील की गुणवत्ता को करीब से परखा। बच्चों को भोजन परोसते डीएम का यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई तथा गुणवत्ता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रसोईघर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और भोजन बनाते समय निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन हो। डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों को शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही प्रतिदिन पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। मिड-डे मील में किसी भी तरह की लापरवाही बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित कक्षाओं और विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा, स्वच्छ वातावरण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।