बांग्लादेश गंगा नदी पर पद्मा बैराज बनाने जा रहा है, जिसे 2026 में तारिक रहमान सरकार ने मंजूरी दी है। यह बैराज राजबारी जिले में बनाया जाना है, जो फरक्का से करीब 180 किमी दूर है। ढाका का कहना है कि इसका मकसद गर्मियों में पानी का भंडारण, सिंचाई और जल सुरक्षा को मजबूत करना है।

बांग्लादेश की जल नीति के विशेषज्ञ और एशियन ग्रोथ रिसर्च इंस्टीट्यूट में प्रोफेसर डॉ एस नजरुल इस्लाम ने ढाका ट्रिब्यून में लिखा कि प्रस्तावित बैराज का नदी के बहाव पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। उनके मुताबिक, फिजिबिलिटी रिपोर्ट में बैराज की स्टोरेज कैपेसिटी 2.89 बिलियन क्यूबिक मीटर बताई गई है, जबकि गर्मियों में बांग्लादेश में गंगा का कुल पानी 189.05 बिलियन क्यूबिक मीटर है। इस तरह स्टोर किया जाने वाला पानी गंगा के गर्मियों के पानी का सिर्फ 1.53 प्रतिशत होगा और बाकी 98.47 प्रतिशत पानी आगे बहता रहेगा।

प्रोफेसर इस्लाम ने यह भी लिखा कि जनवरी से मई के दौरान गंगा की पांच सहायक नदियों बराल, इच्छामती, हिसना, गोराई और चंदना तथा दो पंप हाउस गोदागरी और भेरामारा को कुल 9.05 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी सप्लाई किया जाना है। नए बैराज की स्टोरेज कैपेसिटी 2.89 बिलियन क्यूबिक मीटर होने से इन जरूरतों का केवल लगभग 34 प्रतिशत ही बैराज के भंडार से पूरा हो सकेगा। बाकी करीब 66 प्रतिशत पानी गंगा के मौजूदा बहाव से ही लेना होगा, जो बांग्लादेश के लिए मुश्किल हो सकता है।

खलीलुर हसन जहीन ने कहा कि पद्मा बैराज बांग्लादेश का जल्दीबाजी में लिया गया और बिना सोचे-समझे फैसला है। उनके मुताबिक, जब तक भारत के साथ गंगा जल बंटवारा संधि का नवीनीकरण नहीं हो जाता, बांग्लादेश को पद्मा बैराज पर कार्रवाई रोक देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की पहली प्राथमिकता संधि में गारंटी क्लाज जोड़ने की होनी चाहिए और नई संधि पहले से मजबूत होनी चाहिए, जिसमें पानी के बहाव की साझा निगरानी की व्यवस्था भी शामिल हो।