बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसका नाम ‘अकवान’ रखा जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। विभाग ने 16 से 21 नवंबर तक आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों की आशंका के चलते मछुआरों को 20 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
देश के कई हिस्सों में मौसम का असर देखा जा रहा है। राजस्थान में दो दिन हुई बारिश के बाद सोमवार को ठंड बढ़ गई। बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। अगले तीन-चार दिन रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है। उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी 20 मीटर तक रह गई। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में रविवार को बर्फबारी हुई।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति खराब बनी हुई है। सोमवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 216 दर्ज किया गया, जबकि सिरी फोर्ट में यह 346 रहा। अमेरिकी स्केल एआईक्यू.इन के मुताबिक दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 800 तक पहुंच चुकी है। हरियाणा के 15 शहरों में एक्यूआई 200 के पार रहा और यमुनानगर सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां एक्यूआई 306 दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ गया है। इंदौर प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। जबलपुर और उज्जैन समेत 16 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे रहा। पंजाब और चंडीगढ़ में अगले 6 दिन बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहेगा। हिमाचल प्रदेश में नवंबर में अब तक सामान्य से 70 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है और अगले 6 दिन बारिश व बर्फबारी की संभावना नहीं है।
