बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम और ताकतवर होने की ओर है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 17 नवंबर की शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस दौरान बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की संभावना जताई गई है। इस सिस्टम का असर देश के कई हिस्सों में दिखने लगा है।

दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 और 19 नवंबर को इन इलाकों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। केरल और माहे में कुछ जगहों पर हल्की से छिटपुट बारिश के आसार हैं। अंडमान-निकोबार में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने तथा झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन वहां भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अलग रहेगा। दिल्ली में मंगलवार को बारिश की संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। बिहार और उत्तराखंड में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है।

शहरों के तापमान की बात करें तो 17 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम 27 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस, मुंबई में 33 और 18, चेन्नई में 30 और 24, कोलकाता में 30 और 21, लखनऊ में 27 और 14, पटना में 29 और 19, रांची में 28 और 16, भोपाल में 31 और 14, जयपुर में 30 और 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शिमला में अधिकतम 19 और न्यूनतम 8 तथा नैनीताल में अधिकतम 19 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।