मुंबई: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर को गिराने का काम शुरू कर दिया है। भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना इमारत कभी दाऊद इब्राहिम के परिवार का घर हुआ करती थी। BMC ने इमारत गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर की तारीख तय की थी, लेकिन बुधवार को काम शुरू नहीं हो सका था। इसके बाद गुरुवार को BMC ने इमारत को ढहाने का काम शुरू कर दिया। इससे पहले BMC के सी वार्ड कार्यालय ने दो दिन पहले ही नोटिस जारी किया था।
BMC के एक नोटिस के अनुसार, उन्हें 'सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट' (SBUT) से एक पत्र मिला था, जिसमें बताया गया कि इमारत जर्जर और खतरनाक हालत में है। ट्रस्ट ने BMC से अनुरोध किया कि यहां रहने वालों को बाहर निकाला जाए और बॉम्बे हाई कोर्ट के अगस्त 2020 के आदेश के अनुसार इमारत को गिरा दिया जाए। इस साल 23 अक्टूबर को जारी एक स्पष्टीकरण में ट्रस्ट ने बताया कि यह इमारत उनकी 'क्लस्टर पुनर्विकास योजना' के सेक्टर 8 में आती है और इसका एक हिस्सा प्रस्तावित सड़क के रास्ते में पड़ रहा है।
यह इमारत 1939 में बनी थी। दो-मंजिला (ग्राउंड प्लस वन) इमारत में 36 कमरे हैं। शुरुआत में इसका इस्तेमाल हज यात्रियों के लिए अस्थायी आवास के रूप में किया जाता था। बाद में इसे 'C-1' श्रेणी में रखा गया, यानी इमारत जर्जर हालत में है। इसके बाद इसे गिराने का नोटिस जारी किया गया। नोटिस में बताया गया है कि एक आंतरिक सड़क का निर्माण चल रहा है और यह C-1 इमारत उसी रास्ते में आ रही है, जिससे 'सेकंड कूपर स्ट्रीट' को चौड़ा करने के काम में रुकावट आ रही है। ग्राउंड फ्लोर पर बने प्रार्थना कक्ष में रहने वालों से कहा गया है कि वे ट्रस्ट की ओर से दी गई दूसरी जगह पर चले जाएं। हाल ही में मौके का मुआयना करने पर BMC ने पाया कि ग्राउंड फ्लोर को छोड़कर बाकी पूरी इमारत खाली कर दी गई है।
हालांकि इलाके के लोगों और इस ट्रस्ट को लेकर लड़ाई लड़ने वालों का कहना है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इस पर ध्वस्तीकरण को लेकर रोक लगाई है, जबकि BMC ने मात्र 24 घंटे का समय दिया है, ताकि वे कोर्ट भी न जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय दिया जाता है, लेकिन BMC ने ऐसा नहीं किया और मात्र 24 घंटे के अंदर यह कार्रवाई का फरमान जारी करते हुए नोटिस लगा दिया। (इनपुट एजेंसी)
