नैनीताल ने अपनी 185वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई। बुधवार को मल्लीताल डीएसए स्थित बास्केटबाल कोर्ट में नैनीताल जन्मोत्सव समिति और ताल चैनल की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई धर्म गुरुओं ने विशेष सर्वधर्म प्रार्थना की। शहर, प्रदेश और देशवासियों की खुशहाली तथा अमन-चैन के लिए हवन-यज्ञ किया गया।

सर्वधर्म पूजा के बाद संस्था के कलाकारों ने फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी, जिन पर शहरवासी जमकर झूमे। संस्था की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 लोगों को सम्मानित किया गया। अंत में विधायक सरिता आर्य, आयोजक इशा साह समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से केक काटकर एक दूसरे को नैनीताल के जन्मदिन की बधाई दी।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, आशा शर्मा, मारुति नंदन साह, त्रिभुवन फर्त्याल, दयाकिशन पोखरिया, डीएन भट्ट, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट, नीलू एल्हेंस, पंकज भट्ट और प्रो. ललित तिवारी आदि मौजूद रहे। संचालन मीनाक्षी कीर्ति व नवीन पांडे ने किया।

जन्मदिन समारोह के साथ आयोजक संस्था ने जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी हाथ आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में 125 से अधिक लोगों को गर्म कंबल वितरित किए गए, जबकि शहर के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे 160 बच्चों को पानी की बोतलें भेंट की गईं। उपहार पाकर जरूरतमंद और स्कूली बच्चों के चेहरे खिल उठे।