रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारतीय नौसेना के जहाजों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन और प्रबंधन के लिए इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ समझौता किया गया है। यह कॉन्ट्रैक्ट करीब 211.48 मिलियन डॉलर यानी 1,976 करोड़ रुपये का है। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, इस अपग्रेड का मकसद जहाजों पर मौजूद एयर डिफेंस सिस्टम की क्षमताओं को बढ़ाना है, ताकि मिसाइलों या अन्य लक्षित हमलों से जहाजों की सुरक्षा और मजबूत हो सके। इससे भारतीय नौसेना की क्षमता में भी इजाफा होगा।
कॉन्ट्रैक्ट के तहत इजरायली कंपनी सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में सुधार करेगी और तकनीकी समस्याओं को दूर करने में मदद करेगी। इससे नौसेना की पॉइंट-डिफेंस क्षमताओं की रेंज और प्रभावशीलता बेहतर होगी, जिससे जहाज खतरों का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार रह सकें।
इस बीच, रक्षा मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में नौसेना के लिए आठ नेक्स्ट जनरेशन कॉर्वेट की खरीद के लिए गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 53,866 करोड़ रुपये के दो कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किए थे। अनुबंधों के तहत जीआरएसई पांच कॉर्वेट बनाएगी, जबकि जीएसएल शेष तीन। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारत के स्वदेशी जहाज निर्माण इकोसिस्टम के लिए अच्छी खबर बताया था।
