जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर लतीफ भट मारा गया। केंद्र सरकार के अनुसार, वह जम्मू-कश्मीर में इस आतंकी संगठन का आखिरी सक्रिय स्थानीय सदस्य था। वह पिछले हफ्ते सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में भी शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।
मारे जाने के बाद देर रात करीब 10 बजे उसके परिजनों ने उसे उसके घर से लगभग 160 किलोमीटर दूर दफना दिया। परिवार कुपवाड़ा जिले के ख्रेवान गांव में रहता है, जबकि अंतिम संस्कार बंगस घाटी के एक गांव में किया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद थे। परिजनों ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में अंतिम संस्कार की पुष्टि की और बताया कि यह धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया।
लतीफ भट के मामा मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि अंतिम संस्कार में परिवार के 8 पुरुष मौजूद थे। उन्होंने कहा कि परिजनों को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की इजाजत नहीं थी। सुरक्षा बलों ने उनके फोन कब्रिस्तान तक पहुंचने से लगभग 10 किलोमीटर पहले ही ले लिए थे। कब्रिस्तान में उसके पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई मौजूद थे।
केंद्र सरकार की नीति के तहत मारे गए आतंकवादियों के शव उनके परिवारों को नहीं सौंपे जाते। सार्वजनिक अंतिम संस्कार और आतंकवादियों के महिमामंडन को रोकने के इरादे से ऐसा किया जाता है। गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जून 2025 को लोकसभा में कहा था कि अब जहां भी कोई आतंकवादी मारा जाता है, उसे वहीं दफना दिया जाता है।
