विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बदायूं में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुपालन में जनपद में तैनात 26 निरीक्षकों को गैर जनपद स्थानांतरित किया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में सभी निरीक्षकों को उनके नाम के सम्मुख निर्धारित जनपद में भेजा गया है। स्थानांतरण 31 मई 2027 तक की अवधि के लिए किया गया है और यह उन निरीक्षकों पर लागू हुआ है, जिन्होंने निर्धारित चार वर्ष की अवधि में एक ही जिले में तीन साल नौकरी पूरी कर ली है।

स्थानांतरित निरीक्षकों में सतीश कुमार यादव, अनिल कुमार, सुरेंद्र कुमार, संजीव कुमार दुबे, सुचेन मलिक, राहुल कुमार, नीरज कुमार और मनोज कुमार समेत कई अधिकारियों को शाहजहांपुर भेजा गया है। अरिहंत कुमार सिद्धार्थ, सहनसरवीर सिंह, उदयवीर सिंह, विनोद कुमार मौर्य, धनंजय सिंह, विनोद कुमार वर्धन, अजय कुमार शर्मा और हरेंद्र सिंह को बरेली में तैनाती मिली है। इसके अलावा ऋषिपाल सिंह, चमन गिरि, देवेंद्र कुमार, हरवीर सिंह, मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, शाहिद अली, अश्वनी कुमार और सौरभ सिंह को पीलीभीत तथा अन्य जनपदों में भेजा गया है।

शासन ने खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के भी तबादले किए हैं। बदायूं में तैनात दो खंड विकास अधिकारियों को गैरजनपद स्थानांतरित किया गया है, जबकि छह नए अधिकारियों की जिले में तैनाती हुई है। शासन की ओर से 15 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार डॉ. मनीष सिंह वर्मा को बदायूं से आगरा और सर्वज्ञ अग्रवाल को पीलीभीत भेजा गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद दोनों अधिकारियों को मंगलवार को कार्यमुक्त कर दिया गया और उन्हें नवीन तैनाती वाले जनपद में मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

गैरजनपद से स्थानांतरित होकर आए छह खंड विकास अधिकारियों ने बदायूं में ज्वाइन कर लिया है। इनमें पवन कुमार, सुरेंद्र सिंह, वेद प्रकाश, मनीष दत्त, राजेंद्र सिंह और अतुल यादव शामिल हैं। इन अधिकारियों के आने से जिले के विकास खंडों में नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू होगी। आगामी चुनावों से पहले शासन स्तर पर किए जा रहे इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती से विकास कार्यों के संचालन और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।