सर्दी बढ़ने के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय करके प्रवासी पक्षी चंबल नदी पहुंच गए हैं। नदी का शांत और सुरक्षित वातावरण, पर्याप्त मछलियां और अनुकूल परिस्थितियां इन पक्षियों को खूब भा रही हैं। भरेह संगम से लेकर पचनद तक नदी के विभिन्न घाटों पर पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे रही है और इन्हें देखने के लिए पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।
वन विभाग के अनुसार, इस बार सर्दी अधिक होने से प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। चंबल नदी का कोटा से पचनद तक करीब 625 किलोमीटर का क्षेत्र राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के अंतर्गत आता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, यहां प्रवासी और रहवासी पक्षियों की लगभग 325 प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें कई दुर्लभ हैं और कुछ विलुप्ति के कगार पर हैं। उत्तर प्रदेश में पचनद तक चंबल का लगभग 165 किलोमीटर क्षेत्र है।
भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के वरिष्ठ शोधकर्ता रोहित झा के मुताबिक, संस्थान ने मार्च 2020 में रेहा से पचनद तक पक्षियों का सर्वे कराया था, जिसमें करीब 80 प्रजातियों के नौ हजार पक्षी मिले थे। रहवासी पक्षी चंबल में ही रहकर प्रजनन करते हैं, जबकि प्रवासी पक्षी सर्दियों में बर्फीले क्षेत्रों को छोड़कर यहां आते हैं। भोजन की तलाश में ये नदी के संगम, गहरे पानी और घूम वाले स्थानों पर डेरा जमाते हैं, जहां उन्हें पर्याप्त मछलियां मिलती हैं।
चकरनगर तहसील में चंबल और यमुना के संगम भरेह पर सबसे अधिक पक्षी दिखाई देते हैं। इसके अलावा छिवरौली गांव के नीचे, लालपुरा के नीचे, पचनद संगम से पहले घूम और कसौआ घाट पर भी प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा रहता है। वन्यजीव विशेषज्ञ डा. राजीव चौहान के अनुसार, चंबल में पक्षियों को सुरक्षित वातावरण मिलता है, जहां वे घोंसले बनाकर प्रजनन करते हैं। चंबल सैंक्चुअरी के रेंजर कोटेश त्यागी ने बताया कि सर्दी अधिक होने से इस बार प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़ रही है और उनकी सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाई गई है। वन विभाग दिसंबर के पहले सप्ताह से पक्षियों की गणना शुरू करेगा।
