भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने शनिवार को चंदौली में कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने तथा कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे, इस पर जोर दिया।

निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने महाविद्यालयों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों और भर्ती रैलियों में कैंप लगाकर युवा मतदाताओं को सूची में जोड़ने का निर्देश दिया।

जेंडर रेशियो पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रतिशत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। फार्म-8 संशोधन से जुड़े कार्यों पर लगातार निगरानी रखने और एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न होने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने संवेदनशील बूथों के चिन्हीकरण और कानून व्यवस्था की भी जानकारी ली।

बैठक से पहले निर्वाचन आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर स्वीप आईकन रूबी बानो, वृक्ष बंधु परशुराम सिंह और बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में एसपी आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं और अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।