चेन्नई में रविवार रात एक रेस्टोरेंट के पास खड़ी कार से 12 साल की बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, बच्ची की बरामदगी सोमवार सुबह सिरकाझी से हुई, जो घटनास्थल से करीब 230 किलोमीटर दूर है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के माता-पिता रविवार रात वल्लनचेरी में एक रेस्टोरेंट के पास अपनी कार खड़ी करके खाना खाने अंदर गए थे। उस दौरान उनकी बेटी कार की पिछली सीट पर सो रही थी। लौटने पर माता-पिता ने पाया कि कार और बच्ची दोनों गायब हैं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गुडुवनचेरी पुलिस ने बच्ची और कार की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे बच्ची मयिलादुथुराई जिले के सिरकाझी स्थित न्यू बस स्टैंड के पास कार से उतरकर भागने में सफल रही। उसने वहां मौजूद ऑटो रिक्शा चालकों को बताया कि उसका अपहरण किया गया है। चालकों ने बच्ची को सिरकाझी महिला पुलिस स्टेशन पहुंचाया, जहां से पुलिस ने उसके माता-पिता से संपर्क कर बच्ची को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के कार से उतरने के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसका पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गुडुवनचेरी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी के मकसद का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। आरोपी का कहना है कि उसे नहीं पता था कि कार में बच्ची सो रही है और वह सिर्फ कार चुराना चाहता था। अधिकारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर आरोपी का इरादा सिर्फ कार चोरी करना था, तो वह बच्ची को 230 किलोमीटर दूर तक क्यों ले गया। पुलिस आरोपी की मंशा, पृष्ठभूमि और इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
