छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो गया। व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। अर्घ्य के लिए श्रद्धालु सुबह चार बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गंगा-यमुना समेत अन्य नदियों और तालाबों के घाटों पर भारी भीड़ रही। दिल्ली में यमुना के घाटों पर सूर्योदय के समय करीब सवा लाख लोग मौजूद थे। बिहार में करीब डेढ़ करोड़ घरों में छठ पूजा की गई और सुबह चार बजे से प्रदेश के दस हजार से अधिक घाटों पर भीड़ उमड़ने लगी थी। बिहार में सबसे पहले किशनगंज में 5:57 बजे सूर्योदय हुआ।

बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में बंद कैदियों ने भी छठ पूजा की। जेल परिसर में इसके लिए विशेष घाट बनाया गया था, जहां 75 महिलाओं और 62 पुरुषों समेत कई कैदियों ने पूजा की। विदेश में भी पर्व आस्था के साथ मनाया गया। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के लोगों ने छठ पूजा की।

देश के विभिन्न हिस्सों में भी श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मुंबई के जुहू बीच, कोलकाता में हुगली नदी किनारे कदमतला घाट, जयपुर के गलताजी तीर्थ स्थल, पुरी के नरेंद्र कोना तालाब और असम के डिब्रूगढ़ में बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। भुवनेश्वर के कुआखाई नदी घाट पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय कुमार और परिवहन आयुक्त अमिताभ ठाकुर के साथ श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में घाट पर पहुंचकर सुबह का अर्घ्य दिया, जबकि अपने पैतृक गांव लखनपुर में उन्होंने पत्नी ममता चौधरी, छोटी बहन भावना सिंह और भाभी मीना देवी के साथ पूजा की। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में अपनी पत्नी के साथ पूजा-अनुष्ठान किए। पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने परिवार के साथ अर्घ्य देकर लोगों के कल्याण की कामना की। भागलपुर में महिलाओं ने दंडवत करते हुए घाटों तक पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।