मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत को निर्मुम हत्या करार दिया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले दोषियों को ढूंढकर ऐसी कठोर सजा दिलाई जाए कि वह कई पीढ़ियों तक याद रहे।
कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झंगहा से पढ़ने आया किशोर सपा के रोड शो का शिकार बना। उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया पोषक मौन रहे और संवेदना का एक शब्द नहीं बोला। सीएम ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनसे मिलने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सड़कें आम लोगों के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि किसी की अराजकता के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।
इस मौके पर सीएम योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी और कहा कि आमने-सामने मुकाबला होगा। उन्होंने कांग्रेस, सपा, बसपा और एआईएमआईएम को एक ही थाली के चट्टे-बट्टे बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्री संजय निषाद, डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और राज्य मंत्री केपी मलिक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अगले सत्र से वैकल्पिक स्थान पर विश्वविद्यालय की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की।
