दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP-3 की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी हैं। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) घटकर 204 पर पहुंच गया है। हालांकि, प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP-1 और GRAP-2 के तहत लागू प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे।
आयोग की ओर से जारी ताजा जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के AQI में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। इसे देखते हुए GRAP सब-कमेटी ने तीसरे चरण की पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया है। इससे दिल्ली-NCR में GRAP-3 के तहत लागू अतिरिक्त सख्त प्रतिबंधों से राहत मिलेगी।
CAQM ने स्पष्ट किया है कि 30 अक्टूबर 2026 के आदेश के तहत लागू GRAP-1 और GRAP-2 के सभी नियम और प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे। यानी GRAP-3 हटने के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण के उपायों और निगरानी में ढील नहीं दी जाएगी।
इससे पहले 6 नवंबर को दिल्ली का AQI 382 तक पहुंच गया था। आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ने के अनुमान को देखते हुए CAQM ने पूरे दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू किया था। अब वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद आयोग ने तीसरे चरण की पाबंदियां हटाने का फैसला किया है। आने वाले दिनों में AQI के रुझान पर नजर रखी जाएगी और उसी के आधार पर आगे के फैसले लिए जा सकते हैं।
