इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने नई दिल्ली में मंगलवार को कहा कि निजी तौर पर बनाया गया पहला PSLV रॉकेट लॉन्च के लिए तैयार है। PSLV-N1 को अगले साल यानी 2027 की पहली तिमाही में लॉन्च करने की तैयारी है। उन्होंने यह जानकारी 5वीं इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
नारायणन ने बताया कि पहले सिर्फ इसरो ही उद्योग की मदद से PSLV बनाता था। अब L&T और HAL के कंसोर्टियम को पांच PSLV बनाने का काम दिया गया है। इसरो की कमर्शियल शाखा NSIL ने सितंबर 2022 में इस कंसोर्टियम के साथ 860 करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट किया था। पहला रॉकेट PSLV-N1 तैयार हो रहा है।
गगनयान मिशन पर उन्होंने कहा कि इसमें देरी नहीं हुई है। यह तकनीक पर आधारित बड़ा मिशन है और अंतिम चरण में है। रॉकेट और बाकी जरूरी चीजें तैयार हैं, फिलहाल ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम चल रहा है। पहले मौके पर ही इसे लॉन्च किया जाएगा।
इसरो प्रमुख ने कहा कि सरकार स्टार्टअप्स के साथ मिलकर सैटेलाइट लॉन्च में तेजी ला रही है। इसरो के पास फिलहाल ऑर्बिट में सिर्फ 56 स्पेस एसेट्स हैं, जबकि कम्युनिकेशन, नेविगेशन और अर्थ ऑब्जर्वेशन के लिए कई और एसेट्स बनाने होंगे। उन्होंने बताया कि इसरो और INSPACe निजी कंपनियों को मदद दे रहे हैं और स्टार्टअप्स की संख्या 440 से ज्यादा हो गई है। भारत 64 देशों के साथ सहयोग कर रहा है और पिछले 12 साल में 34 देशों के कम से कम 434 सैटेलाइट लॉन्च किए गए हैं। इसरो और चंडीगढ़ की सेमीकंडक्टर लैब ने मिलकर विक्रम प्रोसेसर बनाया है और विक्रम-32 चिप तैयार हो गई है, जिसे अब सिस्टम में शामिल किया जाएगा।
