जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में गुरुवार को गैस विस्फोट के कारण एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत का हिस्सा ढह गया। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार यह विस्फोट सुबह उपनगरीय पोनिचाला जिले में हुआ, जिससे कई निवासी मलबे के नीचे दब गए। गृह मंत्री सुल्खान तमाज़ाशविली ने बताया कि बचाव दलों ने छह शव निकाले हैं, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है।
मलबे के नीचे कई घंटों तक दबी रहने के बाद तीन साल की एक बच्ची को जिंदा बचा लिया गया। जॉर्जियन पब्लिक ब्रॉडकास्टर (1TV) के मुताबिक बच्ची को इंगोरोक्वा यूनिवर्सिटी क्लिनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है और स्कैन में कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई। 11 साल के एक लड़के का भी इंटेंसिव केयर में इलाज चल रहा है और उसकी हालत काफी हद तक स्थिर बताई गई है। एएफपी के मुताबिक आपातकालीन प्रबंधन सेवा के प्रमुख तेइमुराज़ मगेब्रिशविली ने बताया कि मृत पाई गई महिलाओं में से एक के उस बच्ची की मां होने का अंदेशा है।
1TV के अनुसार गैस आपूर्तिकर्ता 'तिबिलिसी एनर्जी' ने बताया कि जिस अपार्टमेंट को विस्फोट का संभावित स्रोत माना जा रहा है, वह खाली दर्ज था और पिछले एक साल में वहां गैस की कोई खपत नहीं हुई थी। कंपनी ने बताया कि वह अभी तक क्षतिग्रस्त जगह का निरीक्षण नहीं कर पाई है।
अल जजीरा ने जॉर्जिया की 'इंटरप्रेसन्यूज' एजेंसी के हवाले से बताया कि इमारत के ढांचे की जांच के बाद त्बिलिसी के मेयर काखा कालाद्जे ने कहा कि 28 परिवारों (जिनमें 100 से अधिक लोग शामिल हैं) को अस्थायी रूप से होटलों में स्थानांतरित किया जाएगा, क्योंकि इमारत के दो हिस्सों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। अभियोजक लेवन वेपखवाद्जे ने कहा कि अधिकारियों ने सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन को लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है।
