गाजियाबाद के डासनागेट बाजार में श्रीराम ज्वैलर्स की दुकान से साढ़े छह लाख रुपये से अधिक कीमत का सोने का सिक्का चोरी हो गया। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान के कारोबारी नरेंद्र वर्मा के मुताबिक बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 1:30 बजे एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने सामान देखने के बहाने ध्यान भटकाया और लगभग 65 ग्राम वजन का सोने का सिक्का अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद आरोपी चुपचाप दुकान से निकल गया। चोरी हुए सिक्के की कीमत 6.5 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पीड़ित कारोबारी के पास घटना से संबंधित वीडियो भी मौजूद है।

इससे पहले सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में सोमवार को दो महिलाएं एक आभूषण कारोबारी के यहां से टॉप्स लेकर फरार हो गई थीं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए सर्राफा कारोबारियों में सतर्कता की मांग बढ़ी है।

एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि दोनों घटनाओं का शीघ्र पर्दाफाश करने के लिए टीमों को लगाया गया है।