सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। घरेलू बाजार में सोना करीब 5,000 रुपये और चांदी 9,000 रुपये से ज्यादा टूटी। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,22,830 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो पिछले दिन के 1,30,400 रुपये से 6,000 रुपये कम है। सोना एक साल के निचले स्तर पर पहुंच चुका है और घरेलू बाजार में यह करीब 1.21 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता देखा गया, जबकि चांदी करीब 1.47 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार यानी कॉमेक्स पर भी कीमती धातुओं में भारी बिकवाली रही। सोना 4.54 प्रतिशत तक गिरकर 3,518.00 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया, वहीं चांदी 7.08 प्रतिशत टूटकर 41.220 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 4,700 रुपये की गिरावट के साथ 1,22,769 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा, जिसका हाई लेवल 1,23,629 रुपये और लो लेवल 1,21,424 रुपये रहा। दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी करीब 8,054 रुपये टूटकर 1,49,428 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती देखी गई।
इस हफ्ते सोने की कीमतों में लगभग 8.9 प्रतिशत की गिरावट आई, जो 20 मार्च वाले हफ्ते के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। दिसंबर डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 3.6 प्रतिशत गिरकर 3,551.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गए। कारोबार के दौरान सोना सितंबर 2025 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया और अंततः 3.43 प्रतिशत गिरकर 3,559.68 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और दिसंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें फिर बढ़ाए जाने की उम्मीदों के बीच सोने पर दबाव बना रहा। डॉलर 19 महीने के अपने उच्चतम स्तर के करीब बना हुआ है।
एक्सपर्ट का मानना है कि कीमतों में आई यह तेज गिरावट निकट अवधि के सेंटीमेंट में काफी कमजोरी दर्शाती है। मुनाफावसूली और बिकवाली के दबाव से कीमती धातुओं में गिरावट आई है। इस भारी गिरावट ने कीमती धातुओं को ओवरसोल्ड स्थिति के करीब पहुंचा दिया है, जिससे निकट अवधि में तकनीकी उछाल आने की संभावना बढ़ गई है।
