कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने पहली बार गायों को चराना शुरू किया था। इस अवसर पर गौ माता की पूजा-अर्चना, परिक्रमा और चारा खिलाने का विधान है। वैदिक पंचांग के अनुसार, इस बार गोपाष्टमी 17 नवंबर को मनाई जाएगी। अष्टमी तिथि का आरंभ 17 नवंबर को सुबह 04 बजकर 19 मिनट से होगा और समापन 18 नवंबर को सुबह 06 बजकर 04 मिनट तक रहेगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गौ पूजन के बाद गौ माता की 7 या 11 परिक्रमा करना शुभ माना जाता है। परिक्रमा शुरू करते समय मुख पूर्व या उत्तर दिशा की ओर होना उत्तम माना गया है। मान्यता है कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए उनकी परिक्रमा से देवी-देवताओं का आशीर्वाद और पूजा का पूर्ण फल प्राप्त होता है। कहा जाता है कि परिक्रमा करने से चिंता और मानसिक तनाव से छुटकारा मिलता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

परिक्रमा के बाद गौ माता को चारा और गुड़ खिलाने से रिश्तों में मधुरता आने और संतान सुख की प्राप्ति की मान्यता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गोपाष्टमी पर गौ पूजन के दौरान नियमों का पालन न करने से पूजा सफल नहीं होती।

इस बार गोपाष्टमी पर ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04 बजकर 59 मिनट से 05 बजकर 52 मिनट तक, विजय मुहूर्त दोपहर 01 बजकर 53 मिनट से 02 बजकर 36 मिनट तक, गोधूलि मुहूर्त शाम 05 बजकर 27 मिनट से 05 बजकर 53 मिनट तक और अमृत काल शाम 05 बजकर 11 मिनट से 06 बजकर 56 मिनट तक रहेगा।