13 साल के लंबे इंतजार के बाद रिलीज हुए वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6' यानी GTA 6 ने पहले ही दिन रिकॉर्ड कमाई की है। रिपोर्ट में एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म 'सेंसर टावर' के हवाले से बताया गया है कि प्री-ऑर्डर और पहले दिन मिलाकर गेम की 2.45 करोड़ यूनिट से अधिक बिक्री हुई है। इससे गेम को लगभग 2.36 अरब डॉलर की कमाई हुई है। कहा जा रहा है कि यह अब तक की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट लॉन्चिंग बन गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह 2026 में अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' से भी अधिक है।
गेम को रॉकस्टार गेम्स ने डेवलप किया है। कंपनी ने अभी तक सेल या कमाई के आंकड़े साझा नहीं किए हैं, लेकिन यह जरूर बताया है कि गेम की डिमांड 'अभूतपूर्व' रही है। रिपोर्ट के अनुसार, इस गेम को तैयार करने में 1 अरब डॉलर से अधिक खर्च आया है और इसे इतिहास का सबसे महंगा वीडियो गेम बताया जा रहा है। गेम के दो मुख्य किरदार लूसिया और जेसन हैं और कहानी इन्हीं दोनों के इर्द-गिर्द घूमती है।
दिलचस्प बात यह है कि GTA 6 को चीन में ऑफिशियल सेल की मंजूरी नहीं दी गई है। जापान में आपत्तिजनक और हिंसक कंटेंट के कारण इस गेम पर सेंसरशिप लगाई गई है। भारत समेत पूरी दुनिया में इस गेम को लेकर क्रेज देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर दावा है कि एक भारतीय गेमर अंशु बिष्ट ने घर में हो रही शादी के बीच इस गेम को खेला।
भारत में GTA 6 'स्टैंडर्ड' और 'अल्टीमेट' एडिशन में उपलब्ध है। प्लेस्टेशन स्टोर पर स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये है, जबकि अल्टीमेट एडिशन 7,499 रुपये में मिल रहा है। Xbox स्टोर पर भी इसकी शुरुआती कीमत 5,999 रुपये है। स्टैंडर्ड एडिशन में सिर्फ मुख्य गेम शामिल है, जबकि अल्टीमेट एडिशन में एक्स्ट्रा कंटेंट ऑफर किया जा रहा है। गेम का फिजिकल वर्जन ट्रेडिशनल गेम डिस्क के बजाय 'कोड-इन-बॉक्स' पैकेज के रूप में बेचा जाता है, जिसमें खरीदारों को एक डाउनलोड कोड मिलता है। गेम को डाउनलोड करने के लिए 212GB तक खाली स्टोरेज की जरूरत होगी।
