अहमदाबाद: गुजरात के मेहसाणा जिले में एक मसाला व्यापारी को नकली नोटों के बंडल देकर 40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, ठगों ने 500 रुपये के नकली नोटों के बंडल थमाए थे, जिन पर 'चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया', 'भारतीय मनोरंजन बैंक' और 'फाइव हंड्रेड कूपन' लिखा हुआ था। इन नोटों को बैंक के रैपर जैसे कागजों में लपेटकर असली दिखाने की कोशिश की गई थी। घाटलोदिया पुलिस ने जाल बिछाकर दो कूरियर कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है और मामले में कुल पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ऊंझा के मसाला कारोबारी रोहितकुमार पटेल को महाराष्ट्र के नागपुर में अपने एक कारोबारी साथी से 40 लाख रुपये मिलने थे। इसके लिए ऑनलाइन अंगड़िया सर्विस की मदद ली गई थी और तय हुआ था कि गुजरात में नकदी की डिलीवरी की पुष्टि के बाद नागपुर में रकम का भुगतान किया जाएगा। 17 नवंबर को दो लोग ऊंझा सब्जी मंडी के पास मिलान थियेटर पहुंचे और व्यापारी को एक बैग सौंपा, जिसमें 5-5 लाख रुपये के आठ बंडल थे। बैंक जैसे दिखने वाले रैपर देखकर कारोबारी के साथी ने 40 लाख रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन बाद में बंडल खोलने पर उनमें असली नोटों की जगह खिलौने वाले नकली नोट निकले।

ठगी का पता चलने के बाद व्यापारियों ने उसी ऑनलाइन नेटवर्क के जरिए एक और कैश डिलीवरी का इंतजाम किया और पुलिस को सूचना दे दी। 19 नवंबर को अहमदाबाद के पारसनगर पेट्रोल पंप के पास सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने डिलीवरी देने पहुंचे नई दिल्ली के राहुलसिंह विजयसिंह ठाकुर और राजस्थान के मालचंद परमेश्वरलाल शर्मा को पकड़ लिया। उनके पास से 17 बंडल बरामद हुए, जिनमें 500 रुपये के कुल 1,666 नकली नोट थे और हर बंडल में 98 नोट रखे गए थे।

पूछताछ में मालचंद शर्मा ने बताया कि नोएडा में रहने वाले उसके भाई गजानन शर्मा ने उसे धनराज नाम के व्यक्ति से मिलवाया था। धनराज के कहने पर दिल्ली के एक रेलवे स्टेशन के पास वरुण नाम के व्यक्ति से नकली नोटों के बंडल लिए गए थे और इसके बदले दोनों को 5-5 हजार रुपये कमीशन और ट्रेन का किराया देने का वादा किया गया था। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।