गुरदासपुर में पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। रविवार रात गांव मान कौर के पास अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर उनका खून से लथपथ शव मिला, जिसके सिर में गोली लगने के निशान हैं। डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि हत्या गोली मारकर की गई है और आतंकी घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली है।

कृष्णा नगर निवासी मां कुंती देवी के मुताबिक, विनोद थाना सुजानपुर में तैनात थे और परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी। रविवार रात करीब सवा नौ बजे उन्होंने अपने भाई राम लाल को फोन कर बताया कि वह पुराना शाला के पास पहुंच गए हैं और 15 मिनट बाद बाइपास से लेने आने को कहा। राम लाल वहां पहुंचे तो वह नहीं मिले। रात एक बजे उनका शव बाइपास सड़क किनारे मिला, जहां उनका सामान भी नहीं था। जांच अधिकारी एसआई मोहन लाल ने बताया कि प्रमोशन के बाद विनोद ट्रेनिंग सेंटर जहानखेलां गए थे और ट्रेनिंग के सिलसिले में संगरूर भेजे गए थे। रविवार देर रात गुरदासपुर लौटते समय यह घटना हुई। पुलिस को जानकारी रात लगभग 12 बजे मिली।

सोमवार देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा और आइजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर डाली गई पोस्ट की जांच की जा रही है। पठानकोट में छीनी गई गाड़ी का इस वारदात से कोई संबंध सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में हाई अलर्ट किया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित सीसीटीवी फुटेज में दो लोग विनोद को मोटरसाइकिल पर बैठाते दिख रहे हैं। पुलिस के अनुसार, विनोद ने मोटरसाइकिल सवारों से लिफ्ट ली थी और बाद में उनके सिर में गोली मारी गई। अपहरण की बात सामने नहीं आई है। पीटीआई के मुताबिक, स्पेशल डीजीपी (कानून-व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा कि आतंकी एंगल की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। जांच के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और जबरन अपहरण का कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले मामलों में देश-विरोधी तत्वों की संलिप्तता देखी गई है, इसलिए किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया जा रहा। यह निजी रंजिश थी या देश-विरोधी तत्वों के इशारे पर किया गया काम, यह जांच में सामने आने पर स्पष्ट होगा।

पठानकोट में कार छीनने की घटना को अलग मामला बताते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि अमृतसर के पास मिले एक शव के बारे में पुलिस और जानकारी जुटा रही है। वहीं, अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने एक्स पर पोस्ट में सरकार पर निशाना साधते हुए पटियाला में लक्कड़ मंडी में दिन-दहाड़े फायरिंग और गुरदासपुर में हेड कॉन्स्टेबल की हत्या का जिक्र करते हुए पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।