हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन की विस्तृत योजना जारी की है। एसपी मधुबन कुमार सिंह के अनुसार भारी व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन 21 नवंबर दोपहर 12 बजे से लागू होगा, जबकि हल्के वाहन 22 नवंबर सुबह आठ बजे से बदले हुए मार्गों से गुजरेंगे। दोनों व्यवस्थाएं 25 नवंबर शाम आठ बजे तक प्रभावी रहेंगी।

इस बार यातायात प्रबंधन में गंगा एक्सप्रेसवे की अहम भूमिका रहेगी। दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को एक्सप्रेसवे के रास्ते निकाला जाएगा। पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते भी निर्धारित किए हैं, ताकि मेले में भीड़ और राष्ट्रीय राजमार्ग पर दबाव कम रहे।

एसपी ने बताया कि 23 और 24 नवंबर को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर यातायात व्यवस्था और सख्त की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक लागू किया जा सकता है, जिसमें संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। अत्यधिक भीड़ या जाम की स्थिति में हल्के वाहनों को भी कुछ देर के लिए रोका जा सकता है।

गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए डायवर्जन की यह नई व्यवस्था है, इसलिए किसी अप्रत्याशित स्थिति में पुलिस पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भी यातायात संचालित करा सकती है। एसपी ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने और यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।