व्यासपुर के गांव मोहड़ी में 52 वर्षीय किसान गुलाब सिंह ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। उनके पास से एक पर्ची मिली है, जिसमें ताहरपुर निवासी शीलू, मछरौली निवासी राजबीर और अन्य पर 7.50 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया गया है। मृतक के बेटे अंकुश की शिकायत पर व्यासपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
अंकुश ने शिकायत में बताया कि उनके पिता गुलाब सिंह खेतीबाड़ी के साथ प्रॉपर्टी डीलर का काम भी करते थे। बुधवार की सुबह वह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। तलाश करने पर वह खेत में ट्यूबवेल के कमरे में चारपाई पर बेहोशी की हालत में मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की जेब से मिली पर्ची में लिखा है कि उसे शीलू और राजबीर से सात लाख 50 हजार रुपये लेने हैं। कई बार बात करने के बावजूद रुपये नहीं दिए जा रहे थे, जिससे वह परेशान था। हालांकि, पर्ची पर मृतक के हस्ताक्षर नहीं हैं। पर्ची के दूसरी ओर मेनपाल, इकबाल और अयूब के नाम भी लिखे हैं।
अंकुश का कहना है कि उनके पिता ने कई बार बताया था कि उनसे रुपये लेकर वापस नहीं किए जा रहे हैं। आरोप है कि इसी परेशानी में उन्होंने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
